दिल्ली में 1 नवंबर 2026 से बाहर के राज्यों में पंजीकृत गैर-BS-VI वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई जाएगी. यह प्रतिबंध 31 जनवरी 2027 तक लागू रहेगा और दिल्ली की शीतकालीन प्रदूषण नियंत्रण योजना का हिस्सा है. इसका असर दिल्ली आने-जाने वाले उन लोगों पर पड़ सकता है, जो गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद से रोजाना काम या कारोबार के लिए राजधानी में प्रवेश करते हैं.
परिवहन विभाग के अनुमान के अनुसार, इन शहरों में 10 लाख से अधिक वाहन BS-VI मानकों से नीचे हैं. गुरुग्राम और फरीदाबाद में ऐसे वाहनों की संख्या करीब दो लाख है, जिनमें लगभग 70 प्रतिशत BS-III और BS-IV श्रेणी के हैं. दोनों जिलों में करीब 50,000 वाणिज्यिक वाहन भी इस मानक से नीचे बताए गए हैं. नोएडा और ग्रेटर नोएडा में चार लाख से अधिक तथा गाजियाबाद में करीब चार लाख वाहन प्रभावित श्रेणी में हैं.
CNG और इलेक्ट्रिक वाहनों के अलावा एंबुलेंस, दमकल तथा निर्दिष्ट आवश्यक सेवा वाहनों को छूट होगी. BS-VI मानक वाले बाहरी वाहनों का प्रवेश जारी रहेगा. सीमा चौकियों पर AI-सक्षम ANPR कैमरों और भौतिक जांच के जरिए नियम लागू करने की तैयारी है.
