सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर में प्रतिबंध के बावजूद गैर-ग्रीन और पारंपरिक पटाखों की बिक्री जारी रहने पर चिंता जताई है. अदालत ने कहा कि प्रतिबंध लागू होने के बावजूद बाजारों में पारंपरिक पटाखे ग्रीन पटाखों के नाम पर बेचे जा रहे हैं.
अदालत के ताजा निर्देशों के तहत 4 से 6 नवंबर तक केवल CSIR-NEERI और Petroleum and Explosives Safety Organisation (PESO) से प्रमाणित ग्रीन पटाखों की बिक्री की अनुमति होगी. ऐसे पटाखों के डिब्बों पर उत्पाद-विशिष्ट QR कोड होना जरूरी है और पैकेट सीलबंद होने चाहिए, ताकि उनमें अनधिकृत पटाखे न मिलाए जा सकें.
पटाखे 7 और 8 नवंबर को सुबह 6 से 7 बजे तथा रात 8 से 10 बजे तक ही चलाए जा सकेंगे. अस्पतालों, नर्सिंग होम, स्वास्थ्य केंद्रों, वृद्धाश्रमों, शिक्षण संस्थानों और अधिसूचित साइलेंस जोन के 300 मीटर के दायरे में पटाखों पर रोक रहेगी.
सुप्रीम कोर्ट ने लड़ी और माला जैसे श्रृंखलाबद्ध पटाखों तथा बेरियम वाले पटाखों की बिक्री पर भी रोक दोहराई. अदालत के अनुसार पूर्ण प्रतिबंध के बावजूद नियमों के उल्लंघन से स्पष्ट है कि समस्या प्रतिबंध से अधिक उसके प्रभावी क्रियान्वयन की है.
