दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा मजबूत करने की योजना के तहत सार्वजनिक पार्कों में 6,000 से ज्यादा CCTV कैमरे लगाए जा चुके हैं. सुरक्षा एजेंसियों ने शहर में 19,822 डार्क स्पॉट की पहचान की है, जिन्हें निगरानी के दायरे में लाया जा रहा है.

प्रगति रिपोर्ट के अनुसार 1,635 सार्वजनिक पार्कों का सुरक्षा ऑडिट पूरा हो चुका है. इन पार्कों में रोशनी, बाउंड्री वॉल और फेंसिंग बेहतर करने का काम जारी है. सभी सार्वजनिक पार्कों में बाउंड्री और फेंसिंग का काम 26 जनवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. 503 बड़े पार्कों में गेट प्रबंधन और नियमित गश्त की पूरी कवरेज हासिल की जा चुकी है.

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 112 आपातकालीन सेवा का औसत रिस्पॉन्स टाइम 11 मिनट 53 सेकंड से घटकर 8 मिनट 2 सेकंड हो गया है. महिला पुलिसकर्मियों की गश्त के लिए 178 Pink Scooties और 35 all-women PCR vans तैनात हैं.

रिपोर्ट में बताया गया है कि दिल्ली पुलिस में महिलाओं की हिस्सेदारी 17.3 प्रतिशत है, जिसे 2030 तक 25 प्रतिशत करने का लक्ष्य है. महिला अपराध मामलों की सुनवाई तेज करने के लिए 25 विशेष अदालतें काम कर रही हैं, जबकि 37 और अदालतें स्थापित की जा रही हैं.