दिल्ली पुलिस के सुरक्षा ऑडिट में राजधानी के कई पार्कों और ग्रीन स्पेस में निगरानी और बुनियादी सुरक्षा व्यवस्था की कमी सामने आई है. पुलिस ने मंगलवार और बुधवार को करीब 1,500 पार्कों का निरीक्षण किया, जिनमें लगभग 300 बड़े और प्रमुख पार्क शामिल थे.

ऑडिट में कई जगह CCTV कैमरों की अनुपलब्धता या खराब स्थिति, अपर्याप्त रोशनी और कमजोर या अधूरी चारदीवारी जैसी समस्याएं दर्ज की गईं. कुछ पार्कों में अंधेरे हिस्सों और झाड़ियों के कारण निगरानी प्रभावित होने की बात भी सामने आई.

यह कार्रवाई दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय लड़की से कथित सामूहिक दुष्कर्म के बाद शुरू हुई. घटना के बाद उपराज्यपाल ने सभी पार्कों का व्यापक सुरक्षा ऑडिट एक सप्ताह के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया था.

निर्देशों में रोशनी, सुरक्षा गार्ड, नियमित गश्त, CCTV, साफ-सफाई और प्रवेश-द्वारों की निगरानी की समीक्षा शामिल है. दिल्ली पुलिस ने पार्कों और अन्य संवेदनशील सार्वजनिक स्थानों पर बीट पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा महिला पुलिसकर्मियों की गश्त मजबूत करने की बात कही है.