दिल्ली में उपराज्यपाल के निर्देश के बाद पार्कों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की प्रक्रिया शुरू की गई है. MCD, DDA और अन्य संबंधित एजेंसियों को अपने अधिकार क्षेत्र वाले प्रमुख पार्कों का निरीक्षण कर सुरक्षा खामियां दूर करने को कहा गया है.
सुरक्षा ऑडिट में गार्डों की तैनाती, पुलिस गश्त, CCTV कवरेज, रोशनी, प्रवेश-निकास व्यवस्था और पार्कों की बाउंड्री व फेंसिंग की स्थिति की जांच की जा रही है. DDA के अनुसार, उसके करीब 300 पार्कों का ऑडिट पूरा हो चुका है और बाकी पार्कों की समीक्षा सप्ताह के भीतर पूरी करने का लक्ष्य है.
अंधेरे स्थानों पर अतिरिक्त लाइट लगाने, लाइट पोल के आसपास बढ़ी हुई वनस्पति हटाने और बाउंड्री की खामियां ठीक करने के उपाय किए जा रहे हैं. जरूरत वाले स्थानों पर रात की शिफ्ट में अतिरिक्त गार्ड, टॉर्च और सुरक्षा उपकरणों से लैस बाइक पेट्रोलिंग तथा वरिष्ठ अधिकारियों के औचक निरीक्षण की व्यवस्था की गई है.
पार्कों में तैनात गार्डों को संबंधित पुलिस बीट अधिकारी के संपर्क में रहने और संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने को कहा गया है. आगंतुकों को सूर्यास्त के बाद रोशन मुख्य मार्गों का इस्तेमाल करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी सुरक्षा कर्मियों या पुलिस को देने की सलाह दी गई है.
