दिल्ली सरकार राजधानी में छात्रों के लिए संचालित PG आवासों की जानकारी जुटाने के लिए एक वेब पोर्टल शुरू करेगी. शिक्षा मंत्री आशिष सूद ने हाई पावर्ड कमेटी (HPC) की दूसरी बैठक के बाद बताया कि अगले तीन दिनों में 100 स्थानों का निरीक्षण किया जाएगा.

शुरुआती चरण में पोर्टल को सरल रखा जाएगा. इसमें PG में कमरों की संख्या, उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं और अन्य जरूरी जानकारियां दर्ज की जाएंगी. सरकार का उद्देश्य दिल्ली में PG और हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था को व्यवस्थित करना और छात्रों के लिए लागू नियमों को मजबूत करना है.

नियमों और स्थानों की समीक्षा

समिति मास्टर प्लान और दिल्ली म्युनिसिपल कॉरपोरेशन (DMC) एक्ट में जरूरी बदलावों तथा संभावित छूट का अध्ययन करेगी. उपसमिति प्रमुख शैक्षणिक केंद्रों से 5 से 6 किलोमीटर के दायरे में PG संचालित करने की संभावनाओं की भी समीक्षा करेगी. ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी और रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) वाले इलाकों में कानूनी और सुरक्षित तरीके से PG चलाने पर भी विचार किया जाएगा.

बैठक में दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA), दिल्ली नगर निगम (MCD), दिल्ली पुलिस और दिल्ली की यूनिवर्सिटियों समेत संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. यह समिति सत्य निकेतन में 6 सितंबर को पांच मंजिला PG इमारत गिरने के बाद बनाई गई थी. उस घटना में सात लोगों की मौत हुई थी.

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 2022 से 2025 के बीच दिल्ली में इमारत ढहने की 1,133 घटनाएं दर्ज हुईं और इनमें 98 लोगों की मौत हुई.

8 अक्टूबर को न्यू सीमापुरी में ईदगाह मछली मंडी के पास चार मंजिला इमारत गिरने से पांच लोगों की मौत हुई. स्थानीय लोगों ने भूकंप के बाद इमारत में दरारें आने की बात कही थी, लेकिन पुलिस ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है. बचाव अभियान में चार JCB मशीनों, एंबुलेंस और स्निफर डॉग्स का इस्तेमाल किया गया.