दिल्ली सरकार ने अनधिकृत कॉलोनियों में संपत्ति का मालिकाना हक देने वाली PM-UDAY योजना के तहत आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है. अब पात्र निवासी 31 जनवरी 2027 तक कन्वेयंस डीड या ऑथराइजेशन स्लिप के लिए आवेदन कर सकेंगे. पहले आवेदन की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर 2026 तय थी.
राजस्व विभाग के अनुसार, समयसीमा बढ़ाने का उद्देश्य उन लोगों को अतिरिक्त अवसर देना है जो अब तक आवेदन नहीं कर पाए हैं. तय तारीख के बाद मिले आवेदनों पर योजना के तहत दस्तावेज जारी नहीं किए जाएंगे.
जिला कार्यालयों में सहायता केंद्र
आवेदन प्रक्रिया में मदद के लिए दिल्ली के विभिन्न जिलों में PM-UDAY सेल बनाए गए हैं. ये सेल जिला मजिस्ट्रेट या संबंधित जिला प्रशासनिक कार्यालयों में काम कर रहे हैं. आधिकारिक सूची में दक्षिण, दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-पूर्व, उत्तर, पूर्व, पश्चिम, मध्य, उत्तर-पूर्व और अन्य जिलों के सहायता केंद्रों के पते और संपर्क अधिकारी दिए गए हैं.
PM-UDAY योजना का उद्देश्य अनधिकृत कॉलोनियों में रहने वाले पात्र लोगों को संपत्ति से जुड़े मालिकाना दस्तावेज उपलब्ध कराना है. आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन है, जबकि दस्तावेजों के निष्पादन के लिए संबंधित केंद्र पर जाना पड़ सकता है.
