नई दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे ऑनलाइन अभियान पर दिल्ली पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है. पुलिस के साइबर क्राइम मॉनिटरिंग विभाग ने पिछले एक सप्ताह में ‘सहयोग’ ऐप के जरिए सोशल मीडिया सामग्री हटाने के लिए कम से कम 200 आदेश जारी किए हैं. यह जानकारी मामले से परिचित लोगों के हवाले से सामने आई है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इन आदेशों में उन पोस्ट और अन्य ऑनलाइन सामग्री को निशाना बनाया गया है, जिन्हें अधिकारियों ने सार्वजनिक व्यवस्था के लिए संभावित खतरा माना. कुछ सामग्री में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र सरकार, दिल्ली पुलिस और सरकारी संस्थानों की आलोचना भी शामिल बताई गई है.
‘सहयोग’ गृह मंत्रालय के तहत संचालित इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर से जुड़ा प्लेटफॉर्म है. इसके जरिए अधिकृत सरकारी एजेंसियां सोशल मीडिया कंपनियों और अन्य ऑनलाइन मध्यस्थों को सामग्री हटाने या उसकी पहुंच सीमित करने का अनुरोध भेज सकती हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, सामान्य तौर पर दिल्ली पुलिस के साइबर मॉनिटरिंग विभाग से एक सप्ताह में करीब 40 ऐसे आदेश जारी होते हैं. हालांकि, सभी संयुक्त पुलिस आयुक्तों को भी आदेश जारी करने का अधिकार है, इसलिए 200 का आंकड़ा कुल कार्रवाई का पूरा आकलन नहीं हो सकता. यह कदम 10 अक्टूबर को प्रस्तावित CJP प्रदर्शन से पहले उठाया गया है.
