दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण की कोशिशों का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है. वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की State Action Plan-2026 रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली ने कुछ निगरानी और औद्योगिक प्रवर्तन लक्ष्यों में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों पर कई काम तय समय से पीछे हैं.

रिपोर्ट में बताया गया है कि दिल्ली में लक्षित 19 Continuous Ambient Air Quality Monitoring Stations की स्थापना पूरी हो चुकी है. औद्योगिक निरीक्षण, ऑनलाइन Continuous Emission Monitoring Systems और Air Pollution Control Devices से जुड़े लक्ष्य भी पूरे किए गए. DG sets की 539 जांच के लक्ष्य के मुकाबले 1,296 निरीक्षण किए गए.

इसके बावजूद कचरा प्रबंधन, सड़क की धूल, पार्किंग ढांचे और सार्वजनिक परिवहन से जुड़े कामों में कमी दर्ज की गई. तीन प्रमुख लैंडफिल साइटों पर पुराने कचरे का निपटारा भी पूरा नहीं हुआ है. रिपोर्ट में 31 अक्टूबर तक दिल्ली और NCR राज्यों की प्रगति का आकलन किया गया है.

प्रदूषण की गंभीरता नवंबर में भी बनी रही. 6 और 8 नवंबर को दिल्ली का 24 घंटे का PM2.5 स्तर क्रमशः 239 और 241 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज हुआ, जो ‘गंभीर’ सीमा के करीब था. 23 नवंबर को CAQM के डैशबोर्ड पर दिल्ली का AQI 245 यानी ‘खराब’ दर्ज किया गया और GRAP Stage-II लागू था.