दिल्ली में दीवाली के बाद खराब हवा के बीच बच्चों में सांस से जुड़ी समस्याएं बढ़ने की रिपोर्ट सामने आई है. डॉक्टरों के मुताबिक अस्पतालों में खांसी, जुकाम, सीने में जकड़न, घरघराहट और सांस लेने में परेशानी वाले बच्चों की संख्या बढ़ी है. कुछ बच्चों को बार-बार नेबुलाइजेशन और अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत पड़ी है.
10 नवंबर को दिल्ली का औसत AQI 299 दर्ज किया गया था, जबकि एक दिन पहले यह 376 था. सुधार के बावजूद 23 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर हवा ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रही. पुसा रोड का AQI 385 और चांदनी चौक का 381 दर्ज किया गया.
बच्चों में इन लक्षणों पर नजर रखें
लगातार खांसी, तेज या कठिन सांस, सीने में जकड़न, घरघराहट और असामान्य सुस्ती को नजरअंदाज न करें. बुखार, तेज सांस चलना या होंठ-चेहरे का नीला पड़ना गंभीर संकेत हो सकते हैं. ऐसे लक्षणों में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए.
अस्थमा या एलर्जी वाले बच्चों को अधिक जोखिम हो सकता है. प्रदूषण निमोनिया का अकेला कारण नहीं माना जा सकता, लेकिन यह वायुमार्ग में सूजन बढ़ाकर संक्रमण और पहले से मौजूद सांस की बीमारी को गंभीर बना सकता है. बच्चों को लंबे समय तक बाहर खेलने से बचाने और डॉक्टर की सलाह के बिना दवा न देने की सलाह दी गई है.
