दिल्ली में वायु प्रदूषण बढ़ने के साथ नगर निगम की प्रवर्तन व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. MCD के रिकॉर्ड के अनुसार, 2024 में निर्माण स्थलों पर करीब 2,600 चालान काटे गए और लगभग ₹5.3 करोड़ का जुर्माना लगाया गया, लेकिन वसूली करीब ₹45 लाख ही हुई.
2025 में चालानों की संख्या बढ़कर लगभग 3,300 हो गई. इस दौरान करीब ₹5.5 करोड़ का जुर्माना लगाया गया, जबकि वसूली लगभग ₹33 लाख रही. खुले में कचरा या अन्य सामग्री जलाने के मामलों में भी चालान बढ़े. 2024 में ऐसे 190 से अधिक मामलों में करीब ₹4.4 लाख और 2025 में लगभग 800 मामलों में ₹8.7 लाख का जुर्माना लगाया गया. इन मामलों में वसूली का स्पष्ट आंकड़ा उपलब्ध नहीं है.
AQI सीजन के सबसे खराब स्तर पर
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, रविवार को दिल्ली का 24 घंटे का औसत AQI 187 रहा, जो इस सीजन का अब तक का सबसे खराब स्तर है. सुबह AQI 196 तक पहुंच गया था. शहर के कई निगरानी केंद्र ‘खराब’ श्रेणी में रहे.
कम हवा की गति से प्रदूषकों के फैलाव में कमी को हालात बिगड़ने की प्रमुख वजह बताया गया है. विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि सर्दी बढ़ने और पराली जलाने की घटनाओं के साथ आने वाले दिनों में प्रदूषण और बढ़ सकता है. CAQM की जांच में दिल्ली की प्रमुख सड़कों पर धूल और निर्माण कचरे से जुड़े 17 उल्लंघन भी मिले.
