दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने अपने अधीन आने वाले विभागों में 50 प्रतिशत कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम लागू करने के निर्देश दिए हैं. यह व्यवस्था ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तीसरे चरण के प्रावधानों के तहत लागू की जा रही है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सिरसा के अधीन पर्यावरण के अलावा खाद्य एवं आपूर्ति, उद्योग तथा वन एवं वन्यजीव विभाग आते हैं. परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और सूचना प्रौद्योगिकी समेत अपने विभागों में आधे कर्मचारियों को घर से काम करने को कहा है.

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के निर्देशों के तहत दिल्ली-एनसीआर के सार्वजनिक, नगर निगम और निजी कार्यालयों में अधिकतम 50 प्रतिशत कर्मचारियों की भौतिक उपस्थिति रखने का विकल्प दिया गया है. बाकी कर्मचारी घर से काम कर सकते हैं.

अस्पताल, अग्निशमन, बिजली, पानी, स्वच्छता, सार्वजनिक परिवहन और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों को इस व्यवस्था से छूट दी गई है.