दिल्ली में सर्दियों के दौरान प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए 1 नवंबर से कई पाबंदियां लागू होंगी. मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, ये नियम अलग-अलग अवधि में लागू रहेंगे और 28 फरवरी तक चलेंगे. इनमें पुराने वाहनों पर रोक, निर्माण गतिविधियों की निगरानी, पार्किंग शुल्क में बढ़ोतरी और दफ्तरों में सीमित उपस्थिति शामिल है.

दिल्ली के बाहर रजिस्टर्ड BS-IV या उससे पुराने उत्सर्जन मानक वाले वाहन 1 नवंबर से 31 जनवरी तक शहर में नहीं चल सकेंगे. CNG और इलेक्ट्रिक वाहनों के साथ एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस तथा अन्य अधिसूचित जरूरी वाहनों को छूट दी गई है. नियम तोड़ने वाले वाहनों पर ई-चालान और जरूरत पड़ने पर जब्ती की कार्रवाई हो सकती है.

निर्माण और पार्किंग के लिए नए नियम

धूल उड़ाने वाली तोड़फोड़ और बाहरी सिविल निर्माण गतिविधियां 1 नवंबर से 31 जनवरी तक बंद रहेंगी. कुछ आवश्यक सार्वजनिक परियोजनाओं को शर्तों के साथ छूट मिलेगी. 10 दिसंबर से 20 जनवरी के बीच निर्माण और तोड़फोड़ पर पूरी रोक रहेगी, हालांकि अधिसूचित छूट वाले काम जारी रह सकेंगे. घर के भीतर फिनिशिंग, प्लंबिंग और बिजली का काम धूल नियंत्रण मानकों के पालन के साथ किया जा सकेगा.

अधिकृत पार्किंग स्थलों पर शुल्क 1 नवंबर से 28 फरवरी तक दोगुना रहेगा. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की पार्किंग इस व्यवस्था से बाहर होगी.

दफ्तरों में 50 फीसदी उपस्थिति

सरकारी और निजी कार्यालयों में 1 नवंबर से 31 जनवरी तक 50 फीसदी कर्मचारियों को ही कार्यालय बुलाया जाएगा और बाकी कर्मचारी घर से काम करेंगे. जरूरी तथा आपात सेवाओं को निर्धारित नियमों के तहत छूट मिलेगी. MCD कार्यालय सुबह 8:30 से शाम 5 बजे और दिल्ली सरकार के कार्यालय सुबह 10 बजे से शाम 6:30 बजे तक चलेंगे.

परिवहन विभाग, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस, DPCC और नगर निकाय नियमों का पालन कराएंगे. सीमाओं और संवेदनशील स्थानों पर ANPR कैमरे तथा AI आधारित ICCC निगरानी करेंगे. निर्माण स्थलों पर उल्लंघन मिलने पर काम रोकने का नोटिस, पर्यावरण मुआवजा और जरूरत पड़ने पर सीलिंग की कार्रवाई हो सकती है.