दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण पर शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई. अदालत ने कहा कि प्रदूषण रोकने के लिए जितने ज्यादा आदेश और पाबंदियां लगाई जाएंगी, उनके उल्लंघन की संभावना भी उतनी ही बढ़ सकती है. बेंच ने सवाल उठाया कि क्या केवल सख्त नियम बनाने से प्रदूषण की समस्या का समाधान हो सकता है.

सुप्रीम कोर्ट ने प्रदूषण के प्रति लोगों को जागरूक करने और उनके व्यवहार में बदलाव लाने की जरूरत बताई. मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने की. अदालत ने संकेत दिया कि वह मामले में कुछ आदेश जारी कर सकती है. अगली सुनवाई दिवाली की छुट्टियों के बाद 16 नवंबर को होगी.

पांच प्रमुख प्रदूषण स्रोतों पर नियम

केंद्र सरकार और अन्य अधिकारियों की ओर से पेश एडिशनल सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी ने अदालत को बताया कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए पांच प्रमुख क्षेत्रों में नियम बनाए गए हैं. इनमें उद्योगों से निकलने वाला धुआं, वाहनों का प्रदूषण, निर्माण और तोड़फोड़ से उड़ने वाली धूल, सड़कों की धूल और पराली जलाना शामिल हैं.

भाटी के मुताबिक, गुरुवार को दिल्ली के कुल प्रदूषण में पराली जलाने की हिस्सेदारी 14 प्रतिशत थी. सुनवाई के दौरान अदालत ने वाहनों की संख्या और उनके प्रकार को भी दिल्ली-NCR में प्रदूषण की बड़ी समस्याओं में शामिल बताया. किसानों को खेतों में आग लगाने के बजाय मशीनों का इस्तेमाल करने के लिए जागरूक करने की जरूरत पर भी जोर दिया गया.

30 निगरानी केंद्रों पर AQI 400 के पार

शुक्रवार को दिल्ली का औसत AQI 391 दर्ज किया गया. सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 59 निगरानी केंद्रों में से 30 पर सुबह 9 बजे AQI 400 के पार पहुंच गया था, जिसे गंभीर श्रेणी माना जाता है. रोहिणी में सबसे अधिक AQI 475 और IIT दिल्ली में 472 दर्ज किया गया.