दिल्ली-NCR में हर साल सर्दियों के दौरान बढ़ने वाले वायु प्रदूषण पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि दिल्ली में केवल BS6 वाहनों के संचालन पर विचार होना चाहिए. अदालत ने कहा कि अगर यह व्यवस्था पूरे NCR में लागू करना संभव न हो, तो कम से कम दिल्ली में इसे लागू करने की दिशा में कदम उठाए जाने चाहिए.

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ में जस्टिस ज्योमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहन शामिल थे. सुनवाई के दौरान अदालत ने केवल वायु गुणवत्ता सूचकांक पर चिंता जताने के बजाय प्रदूषण से निपटने के लिए पांच साल की दीर्घकालिक योजना तैयार करने पर भी जोर दिया.

BS6 वाहनों के लिए भारत में कड़े उत्सर्जन मानक 1 अप्रैल 2020 से लागू हुए. ये मानक पुराने BS4 वाहनों की तुलना में प्रदूषक कणों और जहरीले उत्सर्जन को कम करने के उद्देश्य से बनाए गए हैं.

वाणिज्यिक वाहनों और सामान की आपूर्ति पर चर्चा

अदालत ने दिल्ली में प्रदूषण फैलाने वाले वाणिज्यिक वाहनों के प्रवेश को सीमित करने की योजना बनाने की बात कही. साथ ही, सब्जियों, फलों और रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित न होने देने पर भी जोर दिया गया.

सुनवाई के दौरान सीमा क्षेत्रों में वेयरहाउस बनाने और वहां से बैटरी से चलने वाले या कम प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के जरिए सामान दिल्ली पहुंचाने का सुझाव सामने आया. अदालत ने कहा कि ऐसी व्यवस्था तुरंत या अगले साल तक संभव न हो, फिर भी इसे पांच साल में लागू करने की योजना बनाई जा सकती है.

सुप्रीम कोर्ट ने हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और अन्य संबंधित राज्यों से NCR में प्रदूषण कम करने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देने वाली स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने को कहा. अदालत ने दिल्ली को गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद से जोड़ने वाली सड़कों पर वाहनों की बड़ी संख्या का भी उल्लेख किया.