नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने पराली की खरीद कीमत पहले से घोषित करने और उसके प्रबंधन की व्यवस्था ग्राम पंचायतों तक पहुंचाने की जरूरत बताई. मामले की सुनवाई भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची व वी. मोहना की तीन सदस्यीय पीठ ने की.
कार्यवाही की शुरुआत में मुख्य न्यायाधीश ने दिल्ली के मौसम पर टिप्पणी की. सुनवाई में अदालत की मदद कर रहीं एमिकस क्यूरी अपराजिता सिंह ने कहा कि क्षेत्र का वायु प्रदूषण ‘गंभीर’ स्तर के आसपास बना हुआ है और यहां की हवा में सांस लेना रोज 30 सिगरेट पीने जैसा है. उन्होंने यह भी कहा कि पराली जलाने का दिल्ली के प्रदूषण में करीब 14 प्रतिशत योगदान है.
अदालत ने पूछा कि क्या प्रदूषण के लिए केवल पराली जलाना जिम्मेदार है या निजी वाहन और शहरी उत्सर्जन भी बड़ी वजह हैं. सिंह ने परिवहन को दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का प्रमुख स्रोत बताया. मुख्य न्यायाधीश ने दिल्ली और आसपास की सड़कों पर लंबे ट्रैफिक जाम के दौरान वाहनों से होने वाले उत्सर्जन पर भी चिंता जताई.
केंद्र की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी ने बताया कि दिल्ली में BS-6 से कम मानक वाले वाहनों के प्रवेश पर रोक, डीजल रिक्शों को चरणबद्ध तरीके से हटाने और बाहर से आने वाली बसों के लिए नियम लागू करने जैसे कदम उठाए गए हैं. उन्होंने कहा कि प्रदूषण प्रमाणपत्र जारी होने के स्थान से जियोटैग किए गए हैं और प्रमाणपत्र के बिना ईंधन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा.
सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि AQI 400 तक पहुंच चुका है. अदालत ने स्थानीय प्रदूषण, कचरा जलाने और वाहनों के लंबे समय तक इंजन चालू रखकर खड़े रहने पर भी प्रभावी कार्रवाई की जरूरत बताई.
