दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के मामले पर शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई. अदालत ने कहा कि प्रदूषण रोकने के लिए जितने अधिक आदेश और प्रतिबंध लगाए जाएंगे, उनके उल्लंघन की संभावना भी उतनी ही बढ़ सकती है. पीठ ने सवाल उठाया कि क्या केवल कड़े नियम बनाने से प्रदूषण की समस्या का समाधान हो सकता है.
सुप्रीम कोर्ट ने लोगों को प्रदूषण के प्रभावों के बारे में जागरूक करने और उनके व्यवहार में बदलाव लाने की जरूरत बताई. मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने की. अदालत इस मामले की अगली सुनवाई दिवाली की छुट्टियों के बाद 16 नवंबर को करेगी.
प्रदूषण के पांच प्रमुख स्रोत
केंद्र सरकार और अन्य अधिकारियों की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी ने अदालत को बताया कि प्रदूषण रोकने के लिए पांच प्रमुख क्षेत्रों में नियम बनाए गए हैं. इनमें औद्योगिक उत्सर्जन, वाहनों से होने वाला प्रदूषण, निर्माण और तोड़फोड़ से उड़ने वाली धूल, सड़कों की धूल और पराली जलाना शामिल हैं. उन्होंने बताया कि गुरुवार को दिल्ली के कुल प्रदूषण में पराली जलाने की हिस्सेदारी 14% थी.
वरिष्ठ वकील और एमिकस क्यूरी अपराजिता सिंह ने कहा कि प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी के आसपास बना हुआ है. उन्होंने इसकी तुलना रोजाना 30 सिगरेट पीने जैसी स्थिति से की.
कई इलाकों में AQI 400 के पार
शुक्रवार को दिल्ली का औसत AQI 391 दर्ज किया गया. सुबह 9 बजे 59 में से 30 निगरानी केंद्रों पर AQI 400 से अधिक था, जो गंभीर श्रेणी में आता है. रोहिणी में सबसे अधिक AQI 475 और IIT दिल्ली में 472 दर्ज किया गया.
एक याचिका में AQI तय सीमा से ऊपर पहुंचने पर सभी उम्र के बच्चों के लिए स्कूल बंद करने की मांग की गई है. पीठ ने कहा कि इस पर विशेषज्ञों की राय के आधार पर निर्णय लिया जाएगा.
