दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को वाहनों से होने वाले उत्सर्जन को प्रमुख कारणों में से एक बताया और तत्काल कार्रवाई की जरूरत जताई. मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने राजधानी और आसपास के इलाकों में बढ़ते यातायात तथा लगातार जाम पर चिंता व्यक्त की.
सुनवाई के दौरान पीठ ने दिल्ली को गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद से जोड़ने वाली सड़कों पर वाहनों की भारी आवाजाही का उल्लेख किया. अदालत ने कहा कि प्रदूषण से सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर पड़ता है, जो रोजी-रोटी के लिए लंबे समय तक सड़कों पर रहते हैं.
केंद्र की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी ने अदालत को बताया कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए औद्योगिक उत्सर्जन, वाहन प्रदूषण, निर्माण एवं सड़क की धूल और पराली जलाने समेत पांच प्रमुख क्षेत्रों पर उपाय किए जा रहे हैं. इनमें प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्रों की जियो-टैगिंग और शिकायतों के आधार पर धुआं छोड़ने वाले वाहनों पर कार्रवाई शामिल है.
अदालत ने पराली जलाने से रोकने के लिए किसानों को मशीनों के इस्तेमाल के बारे में जागरूक करने पर भी जोर दिया. स्कूलों को बंद करने या हाइब्रिड कक्षाओं के मुद्दे पर पीठ ने विशेषज्ञों की राय लेने की बात कही. मामले पर अगली सुनवाई 16 नवंबर को होगी.
