दीपावली के अगले दिन दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने के पीछे पटाखों को सबसे बड़ा तात्कालिक कारण बताया गया है. भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (IITM) के आकलन के अनुसार, 9 नवंबर की सुबह 1 बजे से 9 बजे के बीच पटाखों से होने वाले उत्सर्जन की प्रदूषण भार में हिस्सेदारी 80 फीसदी से अधिक रही.
एक अन्य IITM आकलन में इसी अवधि के दौरान दिल्ली के PM2.5 प्रदूषण में पटाखों का योगदान 71.1 फीसदी बताया गया है. यह हिस्सेदारी दीपावली से एक रात पहले इसी समयावधि में 43.4 फीसदी और 7 नवंबर की सुबह 5.6 फीसदी थी.
आकलन के मुताबिक, 10 नवंबर तक पटाखों का योगदान घटकर करीब 29.9 फीसदी रह गया. इससे संकेत मिलता है कि पटाखों ने दीपावली के तुरंत बाद प्रदूषण में तेज उछाल पैदा किया.
हालांकि, दिल्ली-NCR का प्रदूषण केवल पटाखों तक सीमित नहीं है. 1 से 8 नवंबर के IITM Decision Support System डेटा के विश्लेषण में पड़ोसी NCR जिलों से आया प्रदूषण दिल्ली के PM2.5 में 54.43 फीसदी, स्थानीय स्रोतों का योगदान 33.06 फीसदी और पराली जलाने का योगदान 14.29 फीसदी बताया गया है.
