दिल्ली में प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर की मान्यता रद्द कर तीन नए स्थान तय किए गए हैं. इनमें रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली का CBD मैदान शामिल हैं. व्यापारिक संगठनों ने जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के रूप में हटाने के फैसले का स्वागत किया है.

चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजेश गोयल ने कहा कि संगठन ने 10 अक्टूबर को प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर जंतर-मंतर और केंद्रीय दिल्ली में प्रदर्शन की अनुमति नहीं देने की मांग की थी. उनके अनुसार, जंतर-मंतर पर प्रदर्शनों से दिल्ली के कारोबार पर असर पड़ता था.

रामलीला मैदान को लेकर व्यापारियों की आपत्ति

CTI ने तीन नए स्थलों में रामलीला मैदान को शामिल किए जाने पर आपत्ति जताई है. संगठन के मुताबिक, रामलीला मैदान के आसपास अजमेरी गेट, कमला मार्केट, दरियागंज, चावड़ी बाजार, पहाड़गंज, चांदनी चौक, सदर बाजार, भागीरथ प्लेस, नया बाजार, खड़ी बावली और कश्मीरी गेट जैसे प्रमुख बाजार हैं.

व्यापारी संगठन का कहना है कि यहां बड़े प्रदर्शन होने पर बैरिकेडिंग और पुलिस व्यवस्था के कारण आवाजाही बाधित हो सकती है तथा ट्रेडिंग प्रभावित हो सकती है. CTI ने सरकार से रामलीला मैदान को प्रदर्शन स्थल के रूप में मंजूरी देने के फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की है.

संगठन ने राजनीतिक दलों से त्योहारों के मौसम में दिवाली तक प्रदर्शन रोकने की अपील भी की है. CTI के दावे के मुताबिक, हालिया प्रदर्शनों और पुलिस व्यवस्था के कारण कारोबार पर करीब 2,000 करोड़ रुपये तक का असर पड़ा है.