नई दिल्ली में बार-बार होने वाले धरना-प्रदर्शनों और रैलियों से कारोबार प्रभावित होने का दावा करते हुए कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) ने प्रदर्शन स्थलों को शहर के बाहरी इलाकों में तय करने की मांग की है. संगठन का कहना है कि इससे विरोध दर्ज कराने के अधिकार और व्यापारिक गतिविधियों के बीच संतुलन बनाया जा सकेगा.

CAIT के अनुसार, केंद्रीय दिल्ली के बाजारों में प्रदर्शनों, बैरिकेडिंग, सड़क बंदी और यातायात डायवर्जन के कारण ग्राहकों की आवाजाही, सामान की डिलीवरी और कारोबार प्रभावित हो रहा है. छोटे दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी कारोबारियों, सेवा कर्मचारियों और दिहाड़ी मजदूरों पर इसका असर ज्यादा पड़ने की बात कही गई है.

व्यापारिक संगठनों ने प्रदर्शन के लिए रामलीला मैदान, बुराड़ी और सीबीडी ग्राउंड जैसे निर्धारित या खुले स्थलों के इस्तेमाल का सुझाव दिया है. CAIT ने इस मुद्दे पर दिल्ली के व्यापारिक नेताओं की ऑनलाइन बैठक बुलाने और मांग को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक रणनीति तैयार करने की बात भी कही है.

यह मांग ऐसे समय उठी है जब त्योहारी सीजन में कनॉट प्लेस और आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों में यातायात प्रतिबंधों और विरोध प्रदर्शनों को लेकर व्यापारी लगातार चिंता जता रहे हैं.