दिल्ली हाई कोर्ट ने विरोध-प्रदर्शनों के नियमन और तय प्रदर्शन स्थलों पर मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) लागू करने की मांग वाली याचिकाओं पर सुनवाई की. याचिकाकर्ताओं ने दावा किया कि हाल के प्रदर्शनों, बैरिकेडिंग और आवाजाही पर लगी पाबंदियों के कारण व्यापारियों को करीब ₹2,000 करोड़ का नुकसान हुआ.
वरिष्ठ अधिवक्ता सचिन पुरी ने अदालत से कहा कि प्रदर्शन इस तरह आयोजित किए जाने चाहिए कि अदालतों, कारोबार और आम लोगों की आवाजाही बाधित न हो. याचिकाओं में यह भी कहा गया कि कनॉट प्लेस जैसे कारोबारी इलाकों तक पहुंच प्रभावित हुई.
मामले में प्रदर्शन आयोजित करने के लिए स्पष्ट नियम और तय स्थलों पर व्यवस्था लागू करने की मांग की गई है. अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा ने शुरुआत में कहा कि प्रदर्शन से जुड़े मामले सुप्रीम कोर्ट में भी लंबित हैं, हालांकि बाद में हाई कोर्ट में सुनवाई पर आपत्ति नहीं जताई.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अदालत जंतर-मंतर से जुड़े अन्य मामलों और 10 अक्टूबर को प्रदर्शनकारियों से कथित मारपीट की जांच की मांग वाली याचिका पर भी सुनवाई कर रही है.
