नई दिल्ली. वित्त वर्ष 2026-27 में दिल्ली के रेलवे विकास के लिए ₹2,711 करोड़ का प्रावधान किया गया है. इस निवेश का इस्तेमाल रेलवे बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और यात्रियों के लिए सुविधाएं बढ़ाने में किया जाएगा. राजधानी में लगभग ₹8,976 करोड़ की विभिन्न रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है.
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत दिल्ली के 13 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है. इनमें नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल, दिल्ली कैंट, दिल्ली सराय रोहिल्ला, शाहदरा, नरेला, सफदरजंग, बिजवासन, सब्जी मंडी, तिलक ब्रिज और आदर्श नगर शामिल हैं.
स्टेशनों पर बढ़ेंगी यात्री सुविधाएं
परियोजना के तहत बेहतर प्रवेश-निकास, प्रतीक्षालय, शौचालय, पेयजल, प्लेटफॉर्म शेड और फुट ओवरब्रिज विकसित किए जा रहे हैं. लिफ्ट, एस्केलेटर, पार्किंग, दिव्यांग यात्रियों के लिए सुगम आवागमन और आधुनिक यात्री सूचना प्रणाली भी शामिल हैं.
नई दिल्ली स्टेशन के अजमेरी गेट हिस्से में होल्डिंग एरिया का काम पूरा हो चुका है, जबकि डबल बेसमेंट और एलिवेटेड रोड पर काम शुरू हुआ है. हजरत निजामुद्दीन स्टेशन के सराय काले खां वाले प्रवेश द्वार का भी पुनर्विकास जारी है.
