नई दिल्ली में लाल किले के पास हुए विस्फोट को एक साल पूरा हो गया है, लेकिन पीड़ित परिवारों, घायलों और आसपास के कारोबारियों के लिए उस दिन की यादें अब भी ताजा हैं. 10 नवंबर 2025 को हुए इस विस्फोट के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई है.
शाहदरा से गौरी शंकर मंदिर में पूजा करने पहुंचे अंकुर विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हुए थे. उनके पिता के मुताबिक, अंकुर अब न तो देख पा रहे हैं और न ही सुन पा रहे हैं. परिवार को इलाज और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.
विस्फोट में मारे गए मोहसिन मलिक अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए. उनके भाई वसीम ने बताया कि परिवार अब भी शोक और आर्थिक संकट से जूझ रहा है. उनका कहना है कि सरकारी सहायता के बाद परिवार की स्थिति जानने के लिए कोई आगे नहीं आया.
लाल किले के पास स्थित ओल्ड लाजपत राय मार्केट के कारोबारियों पर भी घटना का असर पड़ा. दुकानदार जोगिंदर सिंह ने बताया कि धमाके के समय मेट्रो स्टेशन के शीशे टूट गए थे और पूरे इलाके में धुआं फैल गया था. एक अन्य कारोबारी के अनुसार, धमाके के बाद लोग जान बचाने के लिए भागने लगे और आसपास की दुकानों के शीशे टूट गए.
एक साल बाद भी पीड़ित परिवार शारीरिक, मानसिक और आर्थिक नुकसान से उबरने की कोशिश कर रहे हैं.
