नई दिल्ली में अक्टूबर में होने वाले भारत इंटरनेशनल राइस कॉन्फ्रेंस 2026 में चावल की करीब 200 भारतीय और अंतरराष्ट्रीय किस्में प्रदर्शित की जाएंगी. यह आयोजन 23 से 25 अक्टूबर तक भारत मंडपम में प्रस्तावित है.

प्रदर्शनी में चावल की किस्मों को उनके दाने की विशेषताओं, रूप-रंग, प्रसंस्करण प्रारूप और मूल स्थान के आधार पर समझने का अवसर मिलेगा. आयोजकों के अनुसार, इसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय खरीदारों को अलग-अलग किस्मों की तुलना करने और भारतीय उत्पादकों व निर्यातकों से सीधे संपर्क में मदद करना है.

कार्यक्रम में चावल से जुड़े व्यापार, प्रसंस्करण, पैकेजिंग, गुणवत्ता मानकों और टिकाऊ उत्पादन पर भी चर्चा होगी. सम्मेलन में भारतीय और वैश्विक चावल बाजार से जुड़े कारोबारी, निर्यातक, मिलर और अन्य हितधारकों की भागीदारी का दावा किया गया है.

आयोजन से जुड़े विवरणों के मुताबिक, सम्मेलन में चावल की संस्कृति, तकनीक, पोषण और वैश्विक व्यापार को सामने रखने वाले अलग-अलग अनुभव क्षेत्र भी बनाए जाएंगे. आयोजक Indian Rice Exporters’ Federation है.