दिल्ली में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन एयर’ के तहत CAQM ने इनर और आउटर रिंग रोड के करीब 35 किलोमीटर हिस्से का निरीक्षण किया. शनिवार को हुई इस कार्रवाई में चार फ्लाइंग स्क्वॉड ने 25 सड़क पट्टियों की जांच की.

निरीक्षण के दौरान सड़क पर दिखाई देने वाली धूल और निर्माण एवं विध्वंस यानी C&D कचरे के जमा होने से जुड़े 17 उल्लंघन सामने आए. ये सड़कें लोक निर्माण विभाग (PWD), दिल्ली के अधिकार क्षेत्र में आती हैं.

CAQM के अनुसार, जांच के निष्कर्षों से पता चलता है कि निर्धारित सड़क सफाई, नियमित स्वीपिंग और धूल नियंत्रण उपायों को जमीन पर अधिक सख्ती से लागू करने की जरूरत है. आयोग ने PWD और अन्य संबंधित एजेंसियों को प्राथमिकता के आधार पर सुधारात्मक कदम उठाने को कहा है.

आयोग ने यह भी रेखांकित किया कि सड़क किनारे या कैरिजवे पर जमा धूल और C&D कचरा वाहनों की आवाजाही से दोबारा हवा में फैल सकता है, जिससे स्थानीय वायु गुणवत्ता प्रभावित होती है. एजेंसियों को नियमित सफाई, जमा धूल व कचरे को समय पर हटाने और सड़कों को धूल-मुक्त रखने के निर्देश दिए गए हैं. CAQM ने बताया कि दिल्ली-NCR में इस तरह के निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे.