दिल्ली में रोहतक रोड की पूरी री-कार्पेटिंग की जाएगी. यह काम दिल्ली जल बोर्ड, बीएसईएस और दिल्ली ट्रांसको लिमिटेड के लंबित यूटिलिटी कार्य पूरे होने के बाद शुरू होगा. अधिकारियों को आपसी समन्वय रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि सड़क बनने के बाद दोबारा खुदाई न करनी पड़े.
पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने शनिवार को ‘गवर्नमेंट ऑन व्हील्स’ कार्यक्रम के तहत मध्य और पश्चिमी दिल्ली के कई इलाकों का निरीक्षण किया. निरीक्षण में पंचकुइयां रोड, रानी झांसी रोड, ईदगाह रोड, रोहतक रोड, न्यू रोहतक रोड, ज़खीरा, करमपुरा फ्लाईओवर, पटेल रोड, शादीपुर और शंकर रोड शामिल रहे.
रानी झांसी रोड और ईदगाह रोड के क्षतिग्रस्त हिस्सों व टूटे फुटपाथों की 15 दिनों में मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं. रानी झांसी फ्लाईओवर के नीचे पीडब्ल्यूडी और नगर निगम एक सप्ताह में नई लाइटें लगाएंगे, सफाई कराएंगे और अतिक्रमण हटाएंगे.
न्यू रोहतक रोड और ज़खीरा में जलभराव से राहत के लिए नालों की गाद और बंद आउटलेट साफ किए जाएंगे. करमपुरा, पटेल रोड और शादीपुर में गड्ढे भरने, रोड मार्किंग-साइनेज सुधारने और निर्माण मलबा हटाने का काम होगा. निर्देशों की एक महीने में समीक्षा की जाएगी.
