दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार, 6 सितंबर 2026 को एक पांच मंजिला इमारत ढहने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई. यह इमारत लड़कों के पेइंग गेस्ट आवास के तौर पर इस्तेमाल की जा रही थी. राहत और बचाव टीमों ने मलबे से 11 लोगों को बाहर निकाला है, जबकि कुछ अन्य लोगों के दबे होने की आशंका के बीच अभियान जारी रहा.

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का दौरा कर बचाव कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. मुख्यमंत्री के मुताबिक, सभी संबंधित एजेंसियां फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और घायलों को चिकित्सा सहायता देने में जुटी हैं.

निर्माण और खुदाई के दौरान पिलर खिसकने का दावा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इमारत में निर्माण या renovation का काम चल रहा था. मुख्यमंत्री ने बताया कि बेसमेंट में खुदाई के दौरान एक पिलर खिसकने के बाद इमारत ढहने की बात सामने आई है. हालांकि, हादसे की अंतिम वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.

घटना के बाद दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, नगर निगम, CATS और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं. आसपास की इमारत को भी एहतियातन खाली कराया गया.

मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी

बचाए गए लोगों को इलाज के लिए अस्पतालों में भेजा गया. घटनास्थल पर भारी मशीनों और बचाव उपकरणों की मदद से मलबा हटाया गया, ताकि अंदर फंसे लोगों तक पहुंचा जा सके. प्रशासन ने लोगों से बचाव अभियान में बाधा न डालने और अफवाहों से बचने की अपील की.

हादसे के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी इमारत के निर्माण, मरम्मत और बेसमेंट में चल रहे काम से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं. जिम्मेदारी तय करने के लिए आगे कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.