दिल्ली के मोती बाग इलाके में सत्य निकेतन के पास रविवार, 6 सितंबर 2026 को एक इमारत ढह गई. हादसे के बाद मलबे में कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई है. दिल्ली फायर सर्विस और अन्य बचाव दल मौके पर राहत एवं बचाव अभियान चला रहे हैं.
दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, शिव मंदिर के पास एक मकान ढहने की सूचना दोपहर करीब 1:33 बजे मिली. इसके बाद बचाव दलों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया, जो करीब 1:50 बजे वहां पहुंचे. मौके पर इमारत के मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका सामने आई.
मौके पर सर्च एंड रेस्क्यू टीमें तैनात
बचाव अभियान में Search and Rescue और Breathing Apparatus टीमों के साथ Water Bowser यूनिट को भी लगाया गया है. टीमें मलबे को हटाकर संभावित रूप से फंसे लोगों की तलाश कर रही हैं.
अब तक किसी की मौत या घायल होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. यह भी स्पष्ट नहीं है कि इमारत में हादसे के समय कितने लोग मौजूद थे. अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी और बचाव अभियान की प्रगति का इंतजार है.
घटना के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है. राहत अभियान पूरा होने और इमारत का निरीक्षण किए जाने के बाद ही हादसे की वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
