दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत गिरने के बाद इलाके में रहने वाले छात्रों और अन्य किरायेदारों के सामने नया घर तलाशने की चुनौती खड़ी हो गई है. हादसे के बाद कई लोग डर के कारण अपने PG और किराये के कमरे छोड़कर सामान लेकर बाहर निकलते दिखे. कुछ इमारतों को खाली कराने या उनमें रहने वालों को दूसरी जगह भेजने की तैयारी की जा रही है.
एक छात्रा ने बताया कि उसके दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक सामान और नकदी अभी कमरे में ही थे. उसके मुताबिक, संबंधित मकान के मालिकों ने छात्रों को दूसरी जगह भेजने की बात कही थी, लेकिन सामान निकालना जोखिम भरा हो गया था.
कई PG इमारतों की जांच
सत्य निकेतन हादसे में कम-से-कम सात लोगों की मौत के बाद MCD ने दिल्ली के PG भवनों का सर्वे शुरू किया. 7 से 9 सितंबर के बीच 1,252 PG इमारतों की जांच में तीन को ‘खतरनाक’ और नौ को बड़े मरम्मत कार्य की जरूरत वाला बताया गया. 26 अन्य ऊंची इमारतों को भी निगरानी में रखा गया है.
अधिकारियों की जांच में भवन अनुमति, संरचनात्मक स्थिरता, अग्निशमन विभाग की मंजूरी और नियमों के पालन की समीक्षा की जा रही है. इस कार्रवाई के चलते असुरक्षित या नियमों का उल्लंघन करने वाले भवनों में रह रहे किरायेदारों को वैकल्पिक आवास तलाशना पड़ सकता है.
