दिल्ली के सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों में बुधवार, 18 नवंबर से सभी कक्षाओं के लिए ऑफलाइन पढ़ाई बहाल कर दी गई है. यह फैसला वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) द्वारा GRAP के तीसरे चरण की पाबंदियां हटाए जाने के बाद लिया गया.

दिल्ली शिक्षा निदेशालय के 17 नवंबर के परिपत्र के अनुसार, सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों के साथ-साथ NDMC, MCD और दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड के स्कूलों में कक्षाएं अब सामान्य यानी भौतिक माध्यम से संचालित होंगी. स्कूल प्रमुखों को छात्रों, अभिभावकों और कर्मचारियों तक आदेश की जानकारी तत्काल पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं.

CAQM ने 17 नवंबर को दिल्ली का दैनिक औसत AQI 204 दर्ज होने और इसमें सुधार का रुझान देखते हुए GRAP-III को तत्काल प्रभाव से वापस लिया था. यह चरण 6 नवंबर को लागू किया गया था, जिसके तहत छोटे बच्चों के लिए हाइब्रिड कक्षाओं की व्यवस्था की गई थी.

GRAP-III हटने के बावजूद GRAP के चरण-I और चरण-II के उपाय तथा 30 अक्टूबर के आदेश में उल्लिखित अन्य प्रतिबंध लागू रहेंगे. CAQM के अनुसार, आने वाले दिनों में दिल्ली की हवा ‘खराब’ या ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहने का अनुमान है.