जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले दिल्ली के कई स्कूलों और कॉलेजों ने कक्षाओं, अभिभावक-शिक्षक बैठकों और परीक्षाओं के कार्यक्रम में बदलाव किया है. संस्थानों ने सुरक्षा चिंताओं और कुछ हिस्सों में संभावित मेट्रो प्रतिबंधों को इसके पीछे की वजह बताया है.

सरदार पटेल विद्यालय ने कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए शनिवार की कक्षाएं ऑनलाइन करने की घोषणा की है. स्कूल ने नई दिल्ली क्षेत्र में व्यापक बैरिकेडिंग और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर चिंता का हवाला दिया. शुक्रवार को विद्यार्थियों के लिए स्टे-बैक सुविधा भी बंद कर दी गई है और एक्टिविटी वीक का उद्घाटन स्थगित किया गया है.

रघुबीर सिंह जूनियर मॉडर्न स्कूल ने शनिवार को होने वाली अभिभावक-शिक्षक बैठक को आगे बढ़ा दिया है. इस बैठक में विद्यार्थियों की रिपोर्ट कार्ड पर चर्चा होनी थी. स्कूल ने कहा है कि नई तारीख की जानकारी अभिभावकों को बाद में दी जाएगी.

कस्तूरबा गांधी मार्ग स्थित भारतीया विद्या भवन के मेहता विद्यालय ने कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों के लिए शनिवार की स्पोर्ट्स डे प्रैक्टिस और enrichment classes रद्द कर दी हैं.

कॉलेजों की परीक्षाओं में बदलाव

पश्चिम विहार स्थित भारती विद्यापीठ कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग ने शनिवार की मिड-टर्म परीक्षाएं सोमवार तक स्थगित की हैं. कॉलेज के अनुसार, कई मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद होने की आशंका के कारण यह निर्णय लिया गया. बदली हुई तारीख पर परीक्षा का समय पहले जैसा रहेगा.

रोहिणी स्थित महाराजा अग्रसेन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी ने शनिवार की मिड-टर्म परीक्षाएं 12 अक्टूबर तक टाल दी हैं. संस्थान ने दिल्ली पुलिस से मिली सूचना और संबंधित शैक्षणिक मंजूरियों का उल्लेख किया है.

दिल्ली पुलिस ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन से शुक्रवार रात 9 बजे से 57 स्टेशनों के प्रवेश-निकास द्वार अगले आदेश तक बंद रखने का अनुरोध किया है.