दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बुधवार दोपहर मछली बाजार और ईदगाह मस्जिद के पास एक पांच मंजिला इमारत ढह गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मलबे में इमारत के मालिक के परिवार समेत 8 से 10 लोगों के दबे होने की आशंका है. राहत और बचाव दल लगातार मलबा हटाने में जुटे हैं.

अब तक दो बच्चों समेत पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाले जाने की जानकारी है. घायलों को राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ले जाया गया. शहादरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा के अनुसार, करीब पांच से छह लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है. उन्होंने कहा कि पूरी स्थिति बचाव अभियान के बाद ही स्पष्ट होगी और दो-तीन लोग अभी अंदर हो सकते हैं, जिनसे संपर्क बना हुआ है.

स्थानीय लोगों के अनुसार, इमारत दोपहर करीब 3:10 बजे गिरी. फायर कंट्रोल को लगभग 3:15 बजे सूचना मिली, जिसके बाद दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. इमारत गली के भीतर थी. इसके ग्राउंड फ्लोर पर दुकानें थीं, जबकि ऊपर चार मंजिलों में अलग-अलग परिवार रहते थे.

काउंसलर पंकज लूथरा ने बताया कि मलबे से चार-पांच लोगों को निकाला जा चुका है. इमारत मालिक और उसके परिवार के भी मलबे में फंसे होने की आशंका जताई गई है. अधिकारियों ने कहा है कि बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही प्रभावित लोगों की संख्या और नुकसान की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी.

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 2022 से 2025 के बीच दिल्ली में इमारत ढहने की 1,133 घटनाएं दर्ज हुईं, जिनमें 98 लोगों की मौत हुई.