दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को शारदीय नवरात्रि के अवसर पर शालीमार बाग स्थित सीएम श्री स्कूल में कन्या पूजन किया. कार्यक्रम के दौरान शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली कक्षा 9 की करीब 1,400 छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं.
सरकार के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य छात्राओं के लिए स्कूल आने-जाने को आसान बनाना, परिवहन संबंधी दिक्कतें कम करना और उन्हें पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है. मुख्यमंत्री ने कहा कि कन्या पूजन बेटियों के सम्मान, समानता और उनके महत्व को स्वीकार करने का संदेश देता है.
विद्या वाहिनी योजना के तहत वितरण
कार्यक्रम में बताया गया कि विद्या वाहिनी योजना के तहत दिल्ली में अब तक 28,000 साइकिलें वितरित की जा चुकी हैं. सरकार ने कुल 1.50 लाख साइकिलें बांटने का लक्ष्य रखा है. मुख्यमंत्री ने अभिभावकों और शिक्षकों से छात्राओं की नियमित स्कूल उपस्थिति तथा शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की.
