दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत सभी 13 जिलों में हेल्पडेस्क शुरू की गई हैं. इन केंद्रों पर मतदाता ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम जांचने, नाम जुड़वाने और SIR से जुड़े दावे-आपत्तियां दर्ज कराने में सहायता ले सकेंगे.

जिला स्तर पर हेल्पडेस्क जिला निर्वाचन अधिकारियों के कार्यालयों में और विधानसभा क्षेत्र स्तर पर निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों के कार्यालयों में बनाई गई हैं. मतदाता चुनाव संबंधी सहायता के लिए 1950 हेल्पलाइन पर भी संपर्क कर सकते हैं.

दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए ड्राफ्ट मतदाता सूची 31 अगस्त को प्रकाशित की गई थी. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकती हैं. इनका निस्तारण 30 नवंबर तक पूरा करने और अंतिम मतदाता सूची 4 दिसंबर को प्रकाशित करने का कार्यक्रम है.

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने SIR प्रक्रिया में सहायता के लिए 14,947 बूथ लेवल अधिकारियों, 1,313 BLO पर्यवेक्षकों, 902 सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों, 70 निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों और 13 जिला निर्वाचन अधिकारियों की तैनाती की है. 18 और 25 अक्टूबर को विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे.