दिल्ली में मतदाता सूची के Special Intensive Revision (SIR) के तहत जारी 33 लाख से अधिक नोटिसों में से 32.8 लाख मामलों का निपटारा हो चुका है. चुनाव आयोग के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, यह कुल मामलों का 98 फीसदी से अधिक है. शेष मामलों के निपटारे की अंतिम समयसीमा 15 दिसंबर 2026 तय है.
नोटिस मतदाता विवरण में पाई गई विसंगतियों के संबंध में जारी किए गए थे. सत्यापन प्रक्रिया में संबंधित दस्तावेज जमा कराने और उन्हें स्वीकार करने की कार्रवाई शामिल है. नोटिस पाने वालों में विदेश मंत्री एस जयशंकर, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, सांसद बांसुरी स्वराज, पूर्व दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सचदेवा, वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के नाम भी शामिल हैं.
दावे और आपत्तियों के दौरान करीब 4.63 लाख फॉर्म
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को 31 अगस्त से 16 नवंबर 2026 के बीच दावे और आपत्तियों की अवधि में 4,62,992 फॉर्म मिले. इनमें 3,14,300 Form-6 आवेदन नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए थे. विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाताओं के लिए 574 Form-6A आवेदन मिले.
इसके अलावा नाम जोड़ने पर आपत्ति या नाम हटाने से जुड़े 32,030 Form-7 आवेदन और पता बदलने, विवरण सुधारने, EPIC बदलने या दिव्यांग मतदाता की पहचान दर्ज कराने से जुड़े 1,16,088 Form-8 आवेदन प्राप्त हुए.
दावे और आपत्तियां 25 नवंबर तक दाखिल की जा सकती हैं. अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर 2026 को प्रकाशित होने का कार्यक्रम है.
