दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत गणना प्रपत्र नहीं मिलने वाले मतदाताओं के लिए निर्वाचन आयोग ने BLO से संपर्क का विकल्प उपलब्ध कराया है. मतदाता निर्वाचन आयोग की वेबसाइट या ECINET ऐप पर ‘Book a Call with BLO’ सुविधा का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके जरिए संबंधित बूथ लेवल अधिकारी से प्रपत्र प्राप्त करने और उसे भरने में मदद ली जा सकेगी.

मतदाता अपने पुराने EPIC नंबर का इस्तेमाल कर निर्वाचन आयोग की वेबसाइट या ECINET ऐप से गणना प्रपत्र डाउनलोड भी कर सकते हैं. भरा हुआ प्रपत्र संबंधित ERO, AERO या BLO के पास जमा किया जा सकता है.

प्रारूप मतदाता सूची से अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या डुप्लीकेट श्रेणी में शामिल मतदाताओं को दोबारा दावा करने का अवसर दिया गया है. एक ही पते पर रहने वालों को गणना प्रपत्र के साथ Annexure-B में पहले प्रपत्र जमा न कर पाने का कारण बताना होगा. दिल्ली के भीतर पता बदलने वाले मतदाताओं को Annexure-C और नए पते का प्रमाण देना होगा.

जिन लोगों ने पहले ही Form 6 जमा कर दिया है, उन्हें दोबारा गणना प्रपत्र भरने की जरूरत नहीं है. दिल्ली में दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तारीख 25 नवंबर बताई गई है.