दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की मसौदा मतदाता सूची से बाहर रह गए लोगों को नाम जुड़वाने का एक और अवसर मिलेगा. चुनाव आयोग के निर्देश के अनुसार, जिन मतदाताओं को गणना चरण में गणना प्रपत्र जारी किया गया था, लेकिन प्रपत्र वापस नहीं मिलने या उन्हें अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत अथवा दोहरे नाम की श्रेणी में दर्ज किए जाने के कारण मसौदा सूची में शामिल नहीं किया जा सका, वे अब फिर से गणना प्रपत्र भर सकेंगे.

चुनाव आयोग के 6 नवंबर के निर्देश में कहा गया है कि ऐसे मतदाताओं की बूथवार सूची दोबारा संबंधित मतदान केंद्रों और स्थानीय कार्यालयों में प्रदर्शित की जाएगी. यह सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराई जाएगी. इसमें नाम शामिल नहीं किए जाने का संभावित कारण भी दर्ज होगा.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली में मसौदा SIR सूची से करीब 47.6 लाख मतदाता बाहर रह गए थे. आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस श्रेणी में आने वाले मतदाताओं को नए पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 या पता बदलने के लिए फॉर्म-8 भरना जरूरी नहीं होगा. हालांकि, जो लोग पहले ही फॉर्म-6 जमा कर चुके हैं, उन्हें गणना प्रपत्र दोबारा जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी.