दिल्ली में चल रही Special Intensive Revision (SIR) प्रक्रिया के दौरान पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर समेत कई प्रमुख मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं. अधिकारियों के अनुसार, नोटिस मतदाता रिकॉर्ड में मिली अलग-अलग तरह की विसंगतियों की पुष्टि के लिए भेजे गए हैं.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, चुनाव आयुक्त एस.एस. संधू, पूर्व दिल्ली उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और भाजपा विधायक कैलाश गहलोत का नाम भी ऐसे मामलों में सामने आया है. कुछ मामलों में नाम, माता-पिता के नाम या पुराने मतदाता रिकॉर्ड से मैपिंग में अंतर दर्ज किया गया है.

दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि नोटिस जारी होना मतदाता सूची से नाम हटाए जाने का संकेत नहीं है. यह प्रक्रिया दस्तावेजों और रिकॉर्ड में मौजूद अंतर को ठीक करने के लिए अपनाई जा रही है.

SIR के तहत दावे और आपत्तियां दर्ज करने की प्रक्रिया 30 सितंबर तक चलेगी. अधिकारियों के अनुसार, नोटिसों का निपटारा 29 अक्टूबर तक किया जाना है और अंतिम मतदाता सूची 4 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी.