दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के दौरान ‘लॉजिकल विसंगति’ के आधार पर जारी नोटिसों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने निर्वाचन आयोग से सवाल किए हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सुनवाई के दौरान अदालत ने इस तरह के नोटिस जारी करने की प्रक्रिया और उनके पीछे इस्तेमाल किए गए आधार पर स्पष्टीकरण मांगा.

याचिका में करीब 33.13 लाख मतदाताओं को जारी नोटिसों से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की गई है. याचिकाकर्ताओं ने पूछा है कि किन मानकों के आधार पर मतदाताओं को ‘लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी’ या पुराने SIR से मैपिंग नहीं होने वाली श्रेणी में रखा गया.

दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने इससे पहले नोटिस पाने वाले मतदाताओं का बूथ-वार विवरण और विसंगति के कारणों से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध कराई थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘लॉजिकल विसंगति’ में नाम, अभिभावक के नाम और उम्र से जुड़े अंतर जैसी प्रविष्टियां शामिल हैं.

निर्वाचन आयोग का कहना है कि नोटिस जारी होना मतदाता का नाम स्वतः हटाए जाने के बराबर नहीं है. दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया 30 सितंबर तक जारी रहने की बात कही गई है.