दिल्ली में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया (SIR) के दौरान निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू का नाम भी नोटिस सूची में शामिल किया गया है. अधिकारियों के अनुसार, यह नोटिस मतदाता के विवरण में विसंगति या पुराने रिकॉर्ड से नाम का मिलान नहीं होने के मामलों में जारी किए जा रहे हैं.

संधू के अलावा विदेश मंत्री एस. जयशंकर, पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल समेत कई प्रमुख लोगों के नाम भी सूची में बताए गए हैं.

वरिष्ठ अधिकारियों में विदेश सचिव विक्रम मिस्री, SEBI चेयरमैन तुहिन कांत पांडे, प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार अजय कुमार सूद और कई अन्य मौजूदा व सेवानिवृत्त IAS अधिकारी शामिल हैं.

दिल्ली के चुनाव अधिकारियों ने कहा है कि SIR नोटिस जारी होना अपने-आप में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने का फैसला नहीं है. संबंधित मतदाताओं को अपने रिकॉर्ड या विवरण से जुड़ी आपत्ति स्पष्ट करने का अवसर मिलेगा.

मसौदा मतदाता सूची में शामिल करीब 97.5 लाख मतदाताओं में से लगभग 33.13 लाख मामलों में विवरण संबंधी विसंगतियों को लेकर नोटिस जारी किए जा रहे हैं.