दिल्ली में मतदाता सूची के Special Intensive Revision (SIR) के तहत जारी नोटिस सूची में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी का नाम भी शामिल है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, चुनाव आयुक्त एसएस संधू, राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल और कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी समेत कई प्रमुख मतदाताओं को भी नोटिस भेजे गए हैं.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये नोटिस मतदाता रिकॉर्ड में पाई गई विसंगतियों या मौजूदा विवरण का पिछली SIR सूची से मिलान नहीं होने के मामलों में जारी किए गए हैं. एस. जयशंकर और उनकी पत्नी के नाम भी नोटिस सूची में बताए गए हैं, जबकि आडवाणी की बेटी प्रतिभा आडवाणी का नाम भी सूची में दर्ज होने की जानकारी सामने आई है.

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत करीब 33.1 लाख मतदाताओं को भी ऐसी श्रेणियों में नोटिस जारी किए गए हैं. निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, नोटिस का मतलब मतदाता का नाम तत्काल हटाया जाना नहीं है; संबंधित मतदाताओं को रिकॉर्ड का सत्यापन कराने और जरूरी दस्तावेज देने का अवसर दिया जा रहा है.