दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने Special Intensive Revision (SIR) के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान कथित तोड़फोड़ और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार 17 प्रदर्शनकारियों को जमानत दे दी. अदालत ने कहा कि आरोपी युवा हैं और प्रथम दृष्टया आदतन अपराधी नहीं लगते.

पुलिस ने आरोपियों की 14 दिन की न्यायिक हिरासत मांगी थी. उसका दावा था कि प्रदर्शनकारियों ने निषेधाज्ञा वाले क्षेत्र में सार्वजनिक आवागमन बाधित किया, अधिकारियों से हाथापाई की और हिरासत में ले जाए जा रहे वाहन के शीशे तोड़े. पुलिस के अनुसार, एक महिला अधिकारी को भी चोट लगी.

बचाव पक्ष ने कहा कि अधिकांश धाराओं में सात साल से कम सजा का प्रावधान है, आरोपियों की व्यक्तिगत भूमिका स्पष्ट नहीं की गई और CCTV साक्ष्य पेश नहीं किया गया. अदालत ने प्रत्येक आरोपी को ₹15,000 के मुचलके और इतनी ही राशि के एक जमानती पर राहत दी.

सुनवाई के दौरान दो आरोपियों ने हिरासत में कथित मारपीट का आरोप लगाया. अदालत ने पुलिस को इस संबंध में रिपोर्ट दाखिल करने और संसद मार्ग थाने का CCTV सुरक्षित रखने का निर्देश दिया.