दिल्ली पुलिस के मध्य जिला विभाग ने स्पा और मसाज सेंटरों की आड़ में कथित देह व्यापार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए छह ठिकानों पर छापे मारे. पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में 29 महिलाओं को मुक्त कराया गया और 15 लोगों को गिरफ्तार या हिरासत में लिया गया.

यह कार्रवाई 26 नवंबर को पहाड़गंज, नबी करीम और करोल बाग इलाकों में की गई. पुलिस ने बताया कि चार स्पा सेंटरों के खिलाफ Immoral Traffic (Prevention) Act के तहत मामले दर्ज किए गए हैं. इन मामलों में सेंटर संचालकों, प्रबंधकों और ग्राहकों की कथित भूमिका की जांच की जा रही है.

पुलिस के मुताबिक, एक मामले में हेड कांस्टेबल को ग्राहक बनाकर भेजा गया था. संकेत मिलने के बाद टीम ने कार्रवाई की और छह महिलाओं समेत आठ लोगों को पकड़ा. एक अन्य सेंटर से तीन महिलाओं को मुक्त कराया गया और उसके मैनेजर को गिरफ्तार किया गया.

इसके अलावा, पटेल नगर स्थित दो सेंटरों के खिलाफ कर्मचारियों के अनिवार्य पुलिस सत्यापन से जुड़े नियमों के उल्लंघन पर भारतीय न्याय संहिता के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं.