दिल्ली की सड़कों को दिवाली से पहले रोशन करने के लिए स्मार्ट एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने की तैयारी है. दिल्ली सरकार ने पहले चरण में दिवाली तक करीब 20 हजार पुरानी और खराब लाइटों को बदलने का लक्ष्य रखा है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह काम लोक निर्माण विभाग (PWD) की सड़कों पर किया जाएगा. पूरी योजना के तहत राजधानी में करीब एक लाख स्ट्रीट लाइटों को स्मार्ट एलईडी सिस्टम से बदलने या अपग्रेड करने का लक्ष्य है. परियोजना को जनवरी 2027 तक पूरा करने की योजना बताई गई है.

इस परियोजना पर करीब 473 करोड़ रुपये खर्च होने हैं. योजना में पुराने हाई-प्रेशर सोडियम वेपर लैंप और खराब या पुराने एलईडी फिक्स्चर को हटाकर नए स्मार्ट सिस्टम लगाने की बात कही गई है.

स्मार्ट लाइटिंग सिस्टम से खराब लाइटों की निगरानी और मरम्मत को अधिक व्यवस्थित करने की उम्मीद है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, मौजूदा व्यवस्था में कई जगह शिकायत मिलने के बाद ही खराब लाइटों का पता चलता है. नई व्यवस्था का उद्देश्य सड़क सुरक्षा, रोशनी की गुणवत्ता और ऊर्जा दक्षता में सुधार करना है.