दिल्ली में लगातार खराब हवा के बीच सड़क पर काम करने वाले डिलीवरी राइडर, सब्जी और फूल विक्रेता, ऑटो चालक तथा फोटोग्राफर रोजी-रोटी के लिए बाहर निकलने को मजबूर हैं. उनका कहना है कि घर से काम करने की सलाह उनके लिए व्यावहारिक विकल्प नहीं है.

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, रविवार को दिल्ली की औसत वायु गुणवत्ता ‘खराब’ रही, जबकि कई निगरानी केंद्रों पर स्थिति करीब दो सप्ताह से ‘गंभीर’ बनी हुई है. वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने दिल्ली-एनसीआर में GRAP के तीसरे चरण के तहत पाबंदियां लागू की हैं.

डिलीवरी कर्मी कमलेश कुमार ने बताया कि लोग जरूरी सामान ऑनलाइन मंगा रहे हैं, जबकि राइडर दिनभर प्रदूषित हवा में कई ऑर्डर पूरे कर रहे हैं. सड़क विक्रेताओं ने कहा कि ग्राहकों की आवाजाही घटने से बिक्री प्रभावित हुई है.

इंडिया गेट पर पर्यटकों की कमी से फोटोग्राफर और छोटे कारोबारी भी परेशान हैं. फूल विक्रेताओं के मुताबिक धूल और कालिख से माल खराब हो रहा है. लंबे समय तक प्रदूषित हवा में रहने से आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में तकलीफ की शिकायतें बढ़ी हैं.