दिल्ली सरकार ने दक्षिणी रिज की करीब 1,000 एकड़ अतिरिक्त भूमि को आरक्षित वन घोषित करने की मंजूरी दी है. सरकार के अनुसार, अधिसूचना पूरी होने के बाद दिल्ली का अधिसूचित रिज क्षेत्र बढ़कर लगभग 13,000 एकड़ हो जाएगा.

यह प्रक्रिया भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 20 के तहत आगे बढ़ाई जा रही है. संबंधित भूमि को पहले 1994 में अधिनियम की धारा 4 के तहत प्रारंभिक संरक्षण मिला था, लेकिन अंतिम कानूनी दर्जे की प्रक्रिया लंबे समय से लंबित थी.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दक्षिणी रिज फेज-II (ए) का करीब 400.5 हेक्टेयर हिस्सा 15 गांवों में फैला है. इस क्षेत्र को अंतिम अधिसूचना मिलने के बाद आरक्षित वन के रूप में वैधानिक सुरक्षा मिलेगी.

सरकार ने रिज के संरक्षण के साथ पारिस्थितिक पुनर्बहाली पर भी जोर दिया है. योजना में स्थानीय प्रजातियों को बढ़ावा देना, खराब हो चुके हिस्सों को बहाल करना और आक्रामक वनस्पतियों का वैज्ञानिक प्रबंधन शामिल है.

दक्षिणी रिज के कुछ हिस्सों में अतिक्रमण, गांवों की आबादी, अनधिकृत कॉलोनियां, झुग्गी-झोपड़ी समूह और धार्मिक ढांचे अब भी चुनौती बने हुए हैं. वन और राजस्व विभाग ऐसे भूखंडों का संयुक्त सत्यापन कर रहे हैं.