दिल्ली पुलिस ने सेंट्रल जिले के नबी करीम, पहाड़गंज और करोल बाग इलाकों में चार स्पा सेंटरों पर छापेमारी कर 29 महिलाओं को रेस्क्यू किया. कार्रवाई 26 नवंबर को की गई. पुलिस के अनुसार, इन सेंटरों में मसाज और अन्य सेवाओं की आड़ में कथित तौर पर देह व्यापार कराया जा रहा था.
इस मामले में स्पा संचालकों, सह-संचालकों, मैनेजरों, रिसेप्शनिस्ट और ग्राहकों समेत 15 लोगों को गिरफ्तार या हिरासत में लिया गया है. पुलिस ने चार मामलों में अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है.
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई से पहले डिकॉय ग्राहकों के जरिए सूचना की पुष्टि की गई थी. नबी करीम-पहाड़गंज इलाके के एक सेंटर से छह महिलाओं को रेस्क्यू किया गया, जबकि करोल बाग के दो सेंटरों से 10-10 महिलाओं को निकाला गया.
छापेमारी के दौरान नकदी, ग्राहक रजिस्टर, गर्भनिरोधक सामग्री, लाइसेंस से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जब्त किए गए. पुलिस मामले में आरोपियों की भूमिका और कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जांच कर रही है.
इसके अलावा, ईस्ट पटेल नगर के दो स्पा सेंटरों में कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराने पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(a) के तहत दो अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं.
