दिल्ली हाई कोर्ट ने रेहड़ी-पटरी वालों का सामान जब्त करने की प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं. अदालत ने कहा है कि MCD और NDMC को जब्ती के 24 घंटे के भीतर संबंधित वेंडर को सीजर मेमो देना होगा.
मेमो में जब्त किए गए सामान का विवरण दर्ज करना जरूरी होगा. इससे वेंडर को यह स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी कि उसका कौन-कौन सा सामान जब्त किया गया है और उसे वापस लेने के लिए क्या प्रक्रिया अपनानी होगी.
मामला रेहड़ी-पटरी वालों के अधिकारों से जुड़ी याचिका पर सुनवाई के दौरान सामने आया. अदालत के समक्ष यह बताया गया कि कई मामलों में पहले सामान जब्त कर लिया जाता है और बाद में मेमो या जुर्माने की रसीद दी जाती है.
अदालत के समक्ष NDMC की ओर से कहा गया कि जब्त सामान को गोदाम में अलग-अलग रखा जाता है और रसीद में संबंधित शेल्फ नंबर दर्ज किया जाता है. जुर्माना जमा करने के बाद सामान वेंडर को वापस किया जाता है.
अदालत ने जब्ती की कार्रवाई और दस्तावेजीकरण में स्पष्टता बनाए रखने पर जोर दिया है. यह निर्देश दिल्ली में नगर निकायों की कार्रवाई से प्रभावित स्ट्रीट वेंडरों के लिए अहम माना जा रहा है.
