दिल्ली सरकार ने छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक कल्याण के लिए चार-स्तरीय नीति लागू की है. इसका उद्देश्य कक्षाओं में तनाव या मानसिक परेशानी के शुरुआती संकेतों की पहचान से लेकर गंभीर स्थिति में विशेषज्ञ चिकित्सा सहायता तक एक व्यवस्थित सहायता तंत्र तैयार करना है.
पहले स्तर पर सभी छात्रों के लिए भावनात्मक शिक्षा, समावेशी वातावरण और मदद लेने से जुड़े कलंक को कम करने पर जोर है. दूसरे स्तर में शिक्षकों, अभिभावकों, वार्डन और अन्य कर्मचारियों को छात्रों के व्यवहार में बदलाव, अलग-थलग रहने, मूड में उतार-चढ़ाव और पढ़ाई में गिरावट जैसे संकेत पहचानने का प्रशिक्षण दिया जाएगा.
तीसरे स्तर पर प्रशिक्षित काउंसलर, मेंटर्स और मानसिक स्वास्थ्य केंद्र गोपनीय मार्गदर्शन, काउंसलिंग और अल्पकालिक मनोसामाजिक सहायता देंगे. चौथे स्तर में गंभीर मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं या आत्म-हानि के जोखिम वाले छात्रों के लिए आपात मूल्यांकन, संकट सहायता, क्लिनिकल उपचार और विशेषज्ञ संस्थानों को रेफरल शामिल है.
नीति में नियमित, तात्कालिक और आपात मामलों के लिए तीन-स्तरीय संकट प्रतिक्रिया व्यवस्था तथा छह-स्तरीय रेफरल श्रृंखला का प्रावधान है. स्कूलों में एक काउंसलर प्रति 500 छात्रों का लक्ष्य रखा गया है. उच्च शिक्षण संस्थानों में मानसिक स्वास्थ्य केंद्र और छात्र प्रतिनिधित्व वाली निगरानी समितियां बनाने की बात कही गई है.
